Home राज्यों से बिहार: सृजन घोटाला मामले में CBI ने शुरू की संपत्ति जब्त करने...

बिहार: सृजन घोटाला मामले में CBI ने शुरू की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई

5
0

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने मामले की जांच शुरू की थी पर अगस्त 2017 में राज्य सरकार की सिफारिश पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की.

सीबीआई ने बिहार के भागलपुर जिले में सृजन घोटाला मामले में मुख्य आरोपी अमित कुमार और रजनी प्रिया की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने इस बारे में बताया. विशेष अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई की टीम ने सृजन घोटाला मामले में फरार दंपति अमित कुमार और रजनी प्रिया के भागलपुर के न्यू विक्रमशिला कॉलोनी स्थित आवास पर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू की.

मनोरमा देवी की फरवरी 2017 में मौत हो गयी

मामला मनोरमा देवी के एक एनजीओ में सरकारी रकम स्थानांतरित करने से जुड़ा है. मनोरमा देवी की फरवरी 2017 में मौत हो गयी थी. सीबीआई द्वारा दाखिल आरोप पत्र में मनोरमा देवी के पुत्र अमित कुमार और पुत्रवधु रजनी प्रिया समेत 60 से ज्यादा लोगों का नाम शामिल है.

सीबीआई ने एनजीओ के खाते में सरकारी धन हस्तांतरण करने से संबंधित करोड़ों रूपये के सृजन घोटाले की जांच का जिम्मा अपने हाथों में लिया है. इससे पहले, बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने मामले की जांच शुरू की थी पर अगस्त 2017 में राज्य सरकार की सिफारिश पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की.