मध्यप्रदेश

झूठ फैलाने, समाज को बांटने और सनातन को अपमानित करने के साथ शुरू हुई कांग्रेस की रैली : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को इंदौर में जनकल्याण अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी सुशासन और समता मूलक समाज के आधार पर देश को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए 63 प्रकार की विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, गरीबी रेखा राशन के लाभ उपलब्ध कराने के लिये राज्य सरकार के प्रतिनिधि घर-घर पहुंच रहे हैं। राज्य सरकार “जियो और जीने दो“ के सिद्धांत पर विश्वास करती है और हर गरीब का जीवन बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस की रैली के दौरान आयोजित जनसभा में राहुल गांधी के संबोधन पर करारा जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीति की दुकान को मोहब्बत की दुकान बताकर समाज में नफरत फैलाने का सामान बेच रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ऐसा ही फरेब करना सिखा रहे हैं। लेकिन देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के इस दोगलेपन को भली भांति जानती है और उनके बहकावे में नहीं आने वाली। कांग्रेस की रैली झूठ फैलाने, समाज को बांटने और सनातन को अपमानित करने के साथ शुरू हुई। कांग्रेस महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब के नाम पर देश को बांटने का एजेंडा चला रही है। नकली गांधियों ने असली गांधी के विचारों की हत्या कर उन्हें अपमानित करने का काम किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज इंदौर में बाबा साहब का सम्मान करने वाले और महू में अपमान करने वाले एकत्र हुए। राहुल गांधी केवल आज महू राजनीतिक पर्यटन के लिए आए थे। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर और गांधी जी के विचारों से उन्हें और उनकी पार्टी को कोई लेना-देना नहीं है। कार्यक्रम को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके, श्रीमती सावित्री ठाकुर, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने भी संबोधित किया एवं अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने स्वागत भाषण दिया।
कांग्रेस ने 70 सालों में गरीब, पिछड़ों के लिये क्या किया?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गरीबों, पिछड़़ों और आदिवासियों के हमदर्द बनने का ढोंग करने की बजाय राहुल गांधी को देश की जनता को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस की सरकारों ने आजादी के बाद गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए क्या किया? इन्होंने गरीबी मिटाने का सिर्फ नारा दिया, लेकिन गरीबों के लिए कभी कुछ नहीं किया। देश के गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों की सबसे बड़ी हमदर्द भारतीय जनता पार्टी है, जिसका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करना है और यह कांग्रेस के नारों की तरह खोखला नहीं है बल्कि भाजपा की सरकारें इसे धरातल पर साकार कर रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार देश के करोड़ों गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। उन्हें पांच लाख तक का मुफ्त उपचार और हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं कांग्रेस की बंदरबांट करने वाली योजनाएं नहीं हैं, बल्कि इनसे लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है और इन्हीं योजनाओं के फलस्वरूप आज करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल सके हैं।
कांग्रेस के लिए महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब सिर्फ राजनीति के औजार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी के महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब अंबेडकर का नाम सिर्फ राजनीति के औजार हैं। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस ने आजादी के बाद न बापू की सुध ली, न संविधान का सम्मान किया और न ही बाबा साहब के विचारों, सिद्धांतों के प्रति आस्था रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने न सिर्फ बाबा साहब अंबेडकर की राह में कांटे बिछाए बल्कि उनकी विचारधारा को भी कुचलने का काम किया। देश में आपातकाल लगाकर बाबा साहब के बनाए संविधान की हत्या की और 90 बार से अधिक संविधान संशोधन करके उनकी पीठ में बार-बार छुरा घोंपा। ये भाजपा की सरकार ही है, जो महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर रही है। बाबा साहब के प्रति सम्मान और कृतज्ञता दिखाते हुए उनके जीवन से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जब शपथ लेने जाते हैं, तो संविधान को अपने माथे से लगाते हैं।
 

About the author

Satyam Tiwari

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com