एक ही तरह से पनीर खाकर हो चुके हैं बोर, तो ट्राई करें अचारी पनीर

    1
    0

    अचारी पनीर, जैसा कि नाम से ही साफ है, अचार के स्वाद से भरपूर एक डिश है। इसमें पनीर को अचार के मसालों के साथ पकाया जाता है, जिससे इसे एक अनोखा और तीखा स्वाद मिलता है। यह डिश न केवल स्वादिष्ट है बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। अगर आपको अचार का स्वाद पसंद है, तो यह डिश आपके लिए परफेक्ट है। आइए, आपको बताते हैं इसकी आसान रेसिपी।

    सामग्री :

        250 ग्राम पनीर
        2 टमाटर
        1 प्याज
        1 इंच अदरक
        2 हरी मिर्च
        1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
        1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
        1/2 चम्मच धनिया पाउडर
        1/4 चम्मच गरम मसाला
        1/4 चम्मच मेथी दाना
        1/4 चम्मच राई
        1/4 चम्मच जीरा
        1/4 चम्मच कलौंजी
        1/4 चम्मच सौंफ
        1/2 कप दही
        2 बड़े चम्मच तेल
        नमक स्वादानुसार
        हरा धनिया बारीक कटा हुआ

    विधि :

        सबसे पहले एक पैन में मेथी दाना, राई, जीरा, कलौंजी और सौंफ डालकर धीमी आंच पर भून लें।
        जब मसाले चटकने लगे तो गैस बंद कर दें और मसालों को ठंडा होने दें।
        ठंडा होने के बाद मसालों को मिक्सर में दरदरा पीस लें।
        इतना करने के बाद पनीर को एक इंच के टुकड़ों में काट लें।
        टमाटर, प्याज, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सर में पीसकर पेस्ट बना लें।
        एक पैन में तेल गरम करें और उसमें अचारी मसाला डालकर भून लें।
        जब मसाले भुन जाएं तो टमाटर-प्याज का पेस्ट डालकर भून लें।
        जब मसाला तेल छोड़ने लगे तो हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर भून लें।
        दही डालकर अच्छी तरह मिला लें और 5 मिनट तक पकाएं।
        पनीर के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला लें और 5 मिनट तक पकाएं।
        गरम मसाला और नमक डालकर मिला लें।
        बस फिर हरा धनिया डालकर गार्निश करें।