देश

ठंड से राहत मगर लौटी बारिश, हिमाचल में बर्फबारी हुई, एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा

नई दिल्ली

मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, नागालैंड और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके चलते 16-21 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बर्फबारी की भी संभावना है। असम और मेघालय में 16-19 फरवरी को गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। अगले 7 दिनों तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बदरा बरसेंगे। 17 तारीख को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के आसार हैं। 17 से 19 तारीख के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की वर्षा होगी।

दिल्ली में शनिवार का दिन इस मौसम का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 4 डिग्री अधिक है। आईएमडी के मुताबिक, इससे पहले मौसम का सबसे गर्म दिन 11 फरवरी को दर्ज किया गया था। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में कल वायु गुणवत्ता सूचकांक 183 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई पर स्थित आदिवासी इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी शिमला में भी बर्फबारी हुई। आसमान में घने बादल छाए रहे और इसके आसपास के इलाकों में तेज व ठंडी हवाएं चलीं। सिस्सू और जिस्पा में रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। लाहौल एवं स्पीति जिला पुलिस ने लोगों को अटल सुरंग और लाहौल घाटी की ओर यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग 5 (हिंदुस्तान-तिब्बत राजमार्ग) पर बर्फ जमा होने से सड़क फिसलन भरी हो गई है। वाहनों को सैंज से लूहरी और सुन्नी के रास्ते भेजा जा रहा है। मौसम केंद्र ने लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचे इलाकों में 18-21 फरवरी को हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया है। कई स्थानों पर 20 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
राजस्थान में बढ़ने लगा तापमान

राजस्थान के अधिकतर शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि के साथ सर्दी का असर कम हो गया है। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्र के प्रवक्ता ने बताया कि डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 32, जैसलमेर में 32.8, चित्तौड़गढ़ में 32.2, भीलवाड़ा में 32, उदयपुर में 31.8, जोधपुर में 31.7, नागौर में 31.4, दौसा, बारां व कोटा में 30.1 डिग्री, चूरू में 30 और वनस्थली में 30.6 रहा। केंद्र के अनुसार, 18 से 20 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके चलते जयपुर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

 

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com