खेल

सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में पहुंची ये टीमें

नई दिल्ली

आईपीएल 2025 में प्लेऑफ की जंग दिलचस्प हो चली है। 54 मैच खेले जा चुके हैं और अब तक सिर्फ दो टीमें- चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई है। आठ टीमें अब भी अंतिम-चार में पहुंचने की दौड़ में हैं। अब तक सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में पहुंचने का रिकॉर्ड पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के नाम है, लेकिन यह टीम इस साल सबसे आखिरी 10वें स्थान पर है।

वहीं, दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस है। तीसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चौथे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद और पांचवें स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स है। हालांकि, शीर्ष पांच में एक आरसीबी ही है, जिसके नाम अनचाहा रिकॉर्ड है। शीर्ष पांच टीमों में आरसीबी ही एकमात्र टीम है, जिसने अभी तक एक भी बार आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। आइए जानते हैं…

चेन्नई सुपर किंग्स
सीएसके की टीम आईपीएल के प्लेऑफ में 12 बार पहुंच चुकी है। इनमें से पांच बार टीम ने खिताब भी अपने नाम किया है। टीम 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीत चुकी है। सभी खिताब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आए हैं। सीएसके के नाम प्लेऑफ में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी है। उसने प्लेऑफ में 26 मैच खेले हैं और 17 में जीत हासिल की है। नौ मैचों में टीम को हार मिली है।

मुंबई इंडियंस
मुंबई इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। यह टीम 10 बार प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और इसमें से खिताब पांच बार जीत चुकी है। मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता था और यह सभी खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में आए थे। हालांकि, इस बार भी टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल संभावना है। मुंबई ने प्लेऑफ में चेन्नई के बाद दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेले हैं। इस टीम ने प्लेऑफ में 20 मैच खेले हैं और 13 में जीत हासिल की है। सात में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
आरसीबी सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम है। यह टीम अभी तक नौ बार प्लेऑफ में पहुंची है, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत सकी है। टीम के इस बार भी प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल संभावना है। क्या इस बार यह टीम जीत का सूखा खत्म कर पाएगी? यह तो वक्त ही बताएगा। पिछले सीजन आरसीबी को एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने हराया था। आरसीबी का प्लेऑफ में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। टीम अंतिम चार में 15 मैच खेल चुकी है और इसमें से सिर्फ पांच मैच जीते हैं। 10 मैचों में आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा है।

सनराइजर्स हैदराबाद
हैदराबाद की टीम अब तक प्लेऑफ में नौ बार पहुंच चुकी है और इनमें से दो बार खिताब जीती है। सनराइजर्स से पहले डेक्कन चार्जर्स की फ्रेंचाइजी एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में 2009 में खिताब अपने नाम किया था। सनराइजर्स की टीम 2016 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में खिताब जीती थी। पिछली बार टीम पैट कमिंस की कप्तानी में फाइनल में तो पहुंची लेकिन उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने हरा दिया था। सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में 14 मैच खेले हैं और छह मैच जीते हैं। आठ मैचों में एसआरएच को हार का सामना करना पड़ा है। इस बार सनराइजर्स की टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना कम है।

कोलकाता नाइट राइडर्स
केकेआर की टीम प्लेऑफ में आठ बार पहुंची है। इसमें से तीन बार 2012, 2014 और 2024 में टीम खिताब जीतने में कामयाब रही है। दो खिताब गंभीर की कप्तानी में और एक श्रेयस अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने अपने नाम किए हैं। हालांकि, केकेआर का  प्लेऑफ में रिकॉर्ड अच्छा रहा है। 15 मैचों में टीम 10 मैच जीत चुकी है। पांच में केकेआर को हार मिली है। हालांकि, इस बार टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी जूझना पड़ रहा है। 

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com

जनसम्पर्क विभाग – आरएसएस फीड