देश

देश में 32 एयरपोर्ट 14 मई तक किए बंद, PAK से तनाव के बीच बड़ा फैसला

नई दिल्ली

भारत के मिलिट्री 'ऑपरेशन सिंदूर' से पाकिस्तान बौखलाया गया है। पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर, अमृतसर सहित राजस्थान के बॉर्डर से सटे शहरों को निशाना बना रहा है। पाकिस्तान ने बीते 24 घंटों में 26 जगहों पर हमला किया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की है। एलओसी पर कई जगहों पर रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। पाकिस्तान की मीडिया का दावा है कि उनके 3 एयरबेस पर अटैक किया गया है। हालांकि, भारत ने अब तक हमला करने की पुष्टि नहीं की है।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत सरकार ने एक बड़ा सुरक्षा कदम उठाते हुए उत्तर और पश्चिम भारत के 32 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है. यह निर्णय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की तरफ से जारी नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) के तहत लिया गया है.

DGCA के अनुसार, इन हवाई अड्डों से सभी प्रकार की नागरिक उड़ान सेवाएं 9 मई से 14 मई 2025 तक (भारतीय समय अनुसार 15 मई सुबह 5:29 बजे तक) अस्थायी रूप से बंद रहेंगी. इस दौरान कोई भी सिविल विमान ग्राउंड लेवल से लेकर अनलिमिटेड ऊंचाई तक उड़ान नहीं भर सकेगा. ये प्रतिबंध पूरी तरह सुरक्षा और ऑपरेशनल कारणों के आधार पर लगाए गए हैं.

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने की पुष्टि
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ये निर्णय किसी भी संभावित हवाई खतरे विशेषकर ड्रोन से होने वाले हमलों  से बचाव की रणनीति का हिस्सा है. पाकिस्तान से लगती सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) पर 26 स्थानों पर संदिग्ध ड्रोन गतिविधियां देखी गई हैं, जिनमें से कुछ में आयुध होने की आशंका जताई गई है. इन ड्रोन का संभावित उद्देश्य भारत के सैन्य ठिकानों या रणनीतिक नागरिक स्थलों को नुकसान पहुंचाना हो सकता है.

कौन से एयरपोर्ट रहेंगे बंद
प्रभावित हवाई अड्डों में शामिल हैं: अमृतसर, श्रीनगर, जम्मू, अवंतीपुरा, हिंडन, अंबाला, चंडीगढ़, पठानकोट, जोधपुर, जैसलमेर, भुज, बीकानेर, लेह, शिमला, कुल्लू, और कई अन्य. इन हवाई अड्डों को इसलिए चुना गया है क्योंकि ये सभी सीमावर्ती या सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण क्षेत्र में स्थित हैं, जहां से उड़ानों पर संभावित खतरा सबसे अधिक है.साथ ही, दिल्ली और मुंबई FIR (Flight Information Region) में आने वाले 25 प्रमुख एयर ट्रैफिक सर्विस रूट्स को भी बंद कर दिया गया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी सैन्य या आपातकालीन परिस्थिति में हवाई मार्ग पूरी तरह सेना के नियंत्रण में रहे और नागरिक उड़ानों को इससे कोई खतरा न हो.

बंदी पूर्ण रूप से अस्थायी
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह बंदी पूर्ण रूप से अस्थायी है और परिस्थिति की समीक्षा के आधार पर इसे आगे बढ़ाया या समाप्त किया जा सकता है. सभी एयरलाइंस और चार्टर ऑपरेटर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी उड़ानों की योजना वैकल्पिक मार्गों और हवाई अड्डों के माध्यम से बनाएं और यात्रियों को पूर्व जानकारी दें.

देखी गई ड्रोन गतिविधियां
ड्रोन गतिविधियां जिन स्थानों पर देखी गई हैं, उनमें बारामुला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फाजिल्का, फिरोजपुर, पठानकोट, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, लालगढ़ जट्टा और कुवारबेट जैसे स्थान प्रमुख हैं. रक्षा सूत्रों के अनुसार, इन क्षेत्रों में सेना की चौकसी और एयर डिफेंस सिस्टम को और मजबूत किया गया है.

हजारों यात्रियों की उड़ानें प्रभावित
इस निर्णय से हजारों यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा सैन्य हालात को देखते हुए यह कदम पूरी तरह सावधानी और राष्ट्रहित में उठाया गया है. भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की घुसपैठ या आतंकवादी हरकत को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

पढ़िए पिछले 12 घंटे के 10 बड़े अपडेट्स…
1.पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ शुरू किया ऑपरेशन बुनयान उल मरसूस

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ऑपरेशन शुरू करने का ऐलान किया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के खिलाफ होने वाले अभियान का नाम ऑपरेशन बुनयान उल मरसूस रखा गया है। ये जानकारी ऐसे समय में आई है जब शनिवार सुबह पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि भारत ने उसके तीन एयरबेस को निशाना बनाया है। रावलपिंडी के बास नूर खान एयरबेस, चकवाल के पास मुरीद और पूर्वी पंजाब के झांग जिले में रफीकी एयरबेस के पास धमाके सुने गए हैं।

2. भारतीय सेना का पलटवार, पाकिस्तान पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड ध्वस्त

भारतीय सेना पाकिस्तान के हवाई हमलों का ताबड़तोड़ जवाब दे रही है। पिछले दो दिन से रात के वक्त भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी मिसाइलों को जमींदोज करने के बाद आज भारतीय सेना ने उसके आतंकी लॉन्च पैड को भी तबाह कर दिए। न्यूज एजेंसी एएनआई पर जारी एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी है। इस वीडियो में भारतीय सेना पाकिस्तानी पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड को ध्वस्त कर रही है। भारतीय सुरक्षाबलों की तरफ से जारी इस वीडियो में पाकिस्तान को तगड़ा नुकसान होता दिख रहा है।
3. भारत में 32 एयरपोर्ट 14 मई तक बंद, PM मोदी से मिले तीनों सेना प्रमुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के दिग्गजों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर मौजूदा सीमा हालात और रणनीतिक तैयारियों पर चर्चा की। वहीं मौजूदा तनाव को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा कारणों से जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर, चंडीगढ़, जोधपुर सहित 32 एयरपोर्ट बंद किए गए हैं। ये एयरपोर्ट 14 मई तक बंद रहेंगे। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने इन शहरों से उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह कदम संभावित पाकिस्तानी हमलों से नागरिकों की सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और अन्य केंद्रीय बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

4. भारत ने सिंधु का पानी किया डायवर्ट, चार राज्यों में होगा इस्तेमाल

भारत ने सिंधु नदी के पानी को लेकर एक कदम उठाया है। सरकार ने फैसला किया है कि सिंधु नदी के पानी का उपयोग राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के लिए किया जाएगा। यह कदम 2019 के पुलवामा हमले के बाद लिया गया, जब भारत ने पाकिस्तान को सिंधु नदी का पानी देना बंद कर दिया था। अब वही पानी भारत के सूखे क्षेत्रों को हरा-भरा करने की दिशा में काम आएगा।
5.जम्मू, राजौरी, पठानकोट… पाकिस्तान का कई इलाकों में ड्रोन अटैक, भारत ने मार गिराए

पाकिस्तान ने शुक्रवार रात फिर एक बार जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में ड्रोन अटैक किए। रक्षा सूत्रों ने बताया कि जम्मू, सांबा, पठानकोट सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं। भारत का एयर डिफेंस सिस्टम इस हमले का करारा जवाब दे रहा है। भारत ने पाक के कई ड्रोन मार गिराए हैं। वहीं खतरे को देखते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। पूरे इलाके में सायरन बज रहा है और ब्लैकआउट किया गया।

6.भारत ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, 7 आतंकवादी ढेर

गुरुवार रात पाकिस्तान ने मिसाइल और ड्रोन से हमले किए, साथ ही जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों को घुसाने की कोशिश की, जिसे बीएसएफ ने नाकाम कर दिया। जवाबी कार्रवाई में सात आतंकवादी मारे गए और पाकिस्तानी रेंजर्स की चौकी को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
7. पाकिस्तानी रक्षा मंत्री आसिफ की भारत को धमकी…कोई विकल्प नहीं बचा…पूर्ण युद्ध ही उपाय बचा है

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि अब भारत के साथ पूर्ण युद्ध (फुल स्केल वॉर) ही एकमात्र विकल्प बचा है। आसिफ ने कहा है कि बीते चार दिन में जिस तरह चीजें हुई है, उसके बाद अब युद्ध का ही रास्ता बचता है। ख्वाजा आसिफ का ये बयान भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले करने के बाद आया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों में तनाव है और बॉर्डर पर भी लगातार गोलीबारी हो रही है।

8. जी-7 देशों ने भारत-पाकिस्तान से बातचीत की अपील की

जी-7 देशों ने शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह किया है और दोनों परमाणु संपन्न एशियाई पड़ोसियों से सीधे वार्ता करने का आह्वान किया। एक बयान में, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए परमाणु संपन्न दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की।

9. पाकिस्तान की 26 जगहों पर भारत ने किया अटैक

पाकिस्तान ने कल रात 26 जगहों पर हमला किया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की है। एलओसी पर कई जगहों पर रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने पाकिस्तानी मीडिया से कहा कि पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) के नूर खान, मुरीद और शोरकोट एयरबेस को निशाना बनाया गया है।

10. भारत के 26 इलाकों में देखे गए पाकिस्तानी ड्रोन, इंडियन आर्मी ने मार गिराए

भारत के मिलिट्री ऑपरेशन सिंदूर के बाद शुक्रवार रात भी पाकिस्तान की तरफ से कई ड्रोन ने घुसपैठ की। इंडियन आर्मी ने कहा कि पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC के पास, उत्तर में बारामूला से लेकर दक्षिण में भुज तक 26 जगहों पर ड्रोन देखे गए। इनमें कुछ संदिग्ध हथियारबंद ड्रोन भी शामिल हैं, जो नागरिक और मिलिट्री ठिकानों के लिए संभावित खतरा बन सकते हैं। बताया जा रहा है कि बारामूला, श्रीनगर , अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लखी नाला में ड्रोन देखे गए हैं। फिरोजपुर में एक हथियारबंद ड्रोन ने एक सिविल एरिया को निशाना बनाया, जिससे एक परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मेडिकल हेल्प दी गई है और सुरक्षा बलों ने इलाके को सैनिटाइज कर दिया।

Tags

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com