छत्तीसगढ़

भिलाई में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत, SSP बोले- सड़क बनाने वाली कंपनी पर दर्ज हो हत्या का केस

भिलाई

दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के चरोदा में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। इस दुर्घटना का कारण जानने दुर्ग SSP विजय अग्रवाल खुद भिलाई तीन पहुंचे। पता चला कि गलत तरीके से बनाए गए ब्रेकर की वजह से दोनों की जान गई।SSP ने सड़क निर्माता कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि क्यों ना उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

ASP ने बताया- अमानक ब्रेकर बनाए गए

सड़क दुर्घटना के बाद दुर्ग एएसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा अपनी टीम के साथ पहुंची थी। इसी दौरान SSP विजय अग्रवाल भी वहां पहुंच गए। उन्होंने ऋचा मिश्रा से सड़क दुर्घटना का कारण जाना। एएसपी ऋचा मिश्रा ने बताया कि सड़क निर्माता कंपनी ने नेशनल हाईवे में अमानक ब्रेकर बना दिए हैं।

इन ब्रेकर की वजह से जब स्पीड से कोई गाड़ी निकलती है तो उसका संतुलन बिगड़ जाता है और सड़क दुर्घटना होती है। मोहनीश कुरैशी भी अपने 14 साल के भतीजे सोहान कुरैशी को लेकर बाइक के जरिए रायपुर से लौट रहा था। ब्रेकर में उसकी बाइक असंतुलित हो गई और बाइक ट्रेलर के नीचे जा घुसी।

SSP ने लापरवाही पर जताई नाराजगी

SSP विजय अग्रवाल ने सड़क निर्माता कंपनी की इस लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने ऋचा मिश्रा को निर्देश दिया कि वे सड़क निर्माता कंपनी आलोक बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड (एबीपीएल) को नोटिस जारी करें, जवाब मांगे की इस लापरवाही के लिए क्यों ना उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

एएसपी ऋचा मिश्रा ने कहा कि एसपी सर के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। सड़क निर्माता कंपनी को नोटिस जारी करके जवाब मांगा जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क निर्माता कंपनी ने कहा- हम जिम्मेदार नहीं

जब सड़क निर्माण करने वाली कंपनी एबीपीएल के अधिकारी प्रवीण शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा इस दुर्घटना के लिए उनकी कंपनी कहीं से जिम्मेदार नहीं है। उनकी कंपनी ने पुरानी सड़क के अनुसार ही नई सड़क का निर्माण किया है।

सड़क नियमों के अनुसार बनी है कि नहीं? उसमें ब्रेकर बनना था या नहीं? उन ब्रेकर की मानक क्या होनी थी? ये सारी चीजें देखने का काम नेशनल हाईवे अथार्टी ऑफ इंडिया (NHAI) का है। उनके इंजीनियर ने जिस तरह से बताया उन्होंने उसी के मुताबिक सड़क बनाई है। इसमें उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है।

2 दिन पहले हुई घटना के बारे में जानिए

सरिया से लोड एक ट्रेलर ने बाइक सवार 2 लोगों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के चरोदा में हुई थी।

पुलिस के मुताबिक जिन 2 लड़कों की मौत हुई है, उनकी पहचान मोहनीश कुरैशी (18 वर्ष) पिता अनीश और सोहान कुरैशी (14 वर्ष) पिता सराजू निवासी ग्राम अदमपुर, थाना शहपुर, जिला मुजफ्फर नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

मोहनीश कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था और जामा मस्जिद पावर हाउस छावनी भिलाई में किराए से रहता था। वहीं उसका भतीजा सोहान कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश से चाचा के पास आया था और शनिवार को उसके साथ फेरी करने रायपुर गया था।

Tags

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com