राजनीती

पचमढ़ी:अमित शाह आज भाजपा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को देंगे संवाद कौशल का प्रशिक्षण

नर्मदापुरम
 भारतीय जनता पार्टी अपने सांसदों और विधायकों के साथ ही मंत्रियों को भी सैद्धांतिक, व्यावहारिक एवं अन्य विषयों का पाठ पढ़ाएगी। इसके लिए 14 से 16 जून तक पचमढ़ी में प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दोपहर तीन बजे करेंगे। समापन 16 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।

इस नियमित प्रशिक्षण वर्ग में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों, विधायकों सहित 201 जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तीनों दिन वर्ग में प्रशिक्षण देंगे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सीआर पाटिल, शिवराज सिंह चौहान, सावित्री ठाकुर, एल. मुरुगन, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह अलग-अलग सत्रों में सांसदों-विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे।

प्रशिक्षण वर्ग में BJP विधायकों-सांसदों के पहुंचने का सिलसिला शुरू

आज से बीजेपी विधायकों और सांसदों के प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हो रही है। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। यहां बीजेपी विधायकों-सांसदों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हुआ। 

सत्र के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं 
सभी विधायक-सांसद 13 जून की रात को ही पचमढ़ी पहुंच गए हैं। प्रशिक्षण शिविर में विधायकों-सांसदों को मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। ट्रेनिंग कैम्प में प्रतिभागियों के मोबाइल उनके नाम के स्टिकर लगाकर साइलेंट मोड पर एक जगह रख दिए जाएंगे। ब्रेक के दौरान प्रशिक्षणार्थी विधायक, सांसद अपने मोबाइल पर बात कर सकेंगे।

प्रशिक्षण वर्ग में मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को अलग-अलग सत्रों में पब्लिक डीलिंग, मोबाइल मैनेजमेंट, टाइम मैनेजमेंट से लेकर पार्टी की रीति-नीति और सफरनामे की जानकारी दी जाएगी। विधायकों-सांसदों को सुबह 6 बजे जागना होगा। प्रशिक्षण स्थल पर सुबह 7 से 8 के बीच योग और प्रार्थना कराई जाएगी।

जनसंघ से लेकर आज तक की यात्रा पर प्रदर्शनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 वर्ष की उपलब्धियों और भाजपा की जनसंघ से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर केंद्रित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

बीएल संतोष के साथ केंद्रीय मंत्री लेंगे सत्र
 प्रशिक्षण वर्ग में मप्र के बीजेपी विधायकों, लोकसभा-राज्यसभा सांसदों को मिलाकर 201 प्रतिभागी शामिल होंगे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ ही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सीआर पाटिल, शिवराज सिंह चौहान, सावित्री ठाकुर, डीडी उइके और एल मुरुगन राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, महेन्द्र सिंह और शिवप्रकाश भी अलग-अलग सत्रों को संबोधित करेंगे।

एक पेड़ मां के नाम अभियान

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सभी सांसद और विधायक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी करेंगे। शर्मा ने कहा कि इसमें संगठन के साथ कैबिनेट के मंत्री उपस्थित रहेंगे। अलग-अलग विषयों पर अतिथि चर्चा करेंगे। भाजपा किस तरह संगठन मजबूती के साथ काम कर रही है, इन सारे मुद्दों पर चर्चा होगी।

Tags

RO No. 13169/ 31

RO No. 13098/ 20

PRATYUSHAASHAKINAYIKIRAN.COM
Editor : Maya Puranik
Permanent Address : Yadu kirana store ke pass Parshuram nagar professor colony raipur cg
Email : puranikrajesh2008@gmail.com
Mobile : -91-9893051148
Website : pratyushaashakinayikiran.com