महान ऑलराउंडर सर रिचर्ड हैडली (Richard Hadlee) ने केन विलियमसन (Kane Williamson) की कप्तानी में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (World Test Championship) जीतने वाली टीम को न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टीम बताया है. हैडली ने कहा कि पिछले दो साल में कीवी टीम का प्रदर्शन को शानदार कहा. न्यूजीलैंड ने साउथैम्पटन में भारत (India vs New Zealand) को आठ विकेट से हराकर पहली विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप जीती.
हैडली ने एक बयान में कहा,‘‘यह न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास का खास दिन है.यह पहली विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप जीतने का जश्न मनाने का दिन है. यह शानदार टेस्ट मैच था जिसमें कई उतार चढ़ाव देखने को मिले. न्यूजीलैंड ने भारत की बेहतरीन टीम के सामने अच्छा प्रदर्शन किया. इतने साल में न्यूजीलैंड के पास कई अच्छे खिलाड़ी हो गए हैं जिसने हमें विश्व क्रिकेट में सबसे प्रतिस्पर्धी टीमों में से एक बना दिया है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह कहना सही होगा कि यह टीम न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टीम है.’’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 टेस्ट विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज ने कहा कि यह जीत दो साल के शानदार प्रदर्शन का नतीजा है. उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो साल में न्यूजीलैंड टीम ने टेस्ट क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन करके देश विदेश में मैच जीते और वह विश्व चैम्पियन बनने की हकदार थी.” उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने जबर्दस्त पेशेवरपन दिखाया. एक दूसरे की मदद करके एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया. टीम प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ की भूमिका भी उन्हें तैयार करने में अहम रही.
विलियमसन ने जीत का श्रेय अपने खिलाड़ियों को दिया
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने जीत को ‘खास अहसास’ बताते हुए अपनी सिताराहीन टीम को श्रेय दिया जो मैच में पूरे मैच में प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन करने में कामयाब रही. भारत जैसी मजबूत टीम को हराकर वनडे विश्व कप फाइनल 2015 और 2019 हारने के उनके जख्मों पर मरहम लगा होगा. विलियमसन ने भारत पर मिली जीत को सर्वोपरि कहा लेकिन इसे क्रिकेट में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी उपलब्धि कहने से रूक गए.






