Home देश गोल्‍ड बढ़त के साथ ₹47 हजार के नजदीक पहुंचा, चांदी 1200 रुपये...

गोल्‍ड बढ़त के साथ ₹47 हजार के नजदीक पहुंचा, चांदी 1200 रुपये से ज्‍यादा बढ़ी

2
0

भारतीय सर्राफा बाजार में आज यानी 29 जुलाई 2021 को सोने के भाव (Gold Price Today) में कई दिन की गिरावट के बाद अच्‍छी बढ़त देखने को मिली. इससे सोना 47 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के नजदीक पहुंच गया. वहीं, चांदी की कीमत (Silver Price Today) में आज 1200 रुपये से ज्‍यादा की तेजी दर्ज की गई. इससे चांदी 66 हजार रुपये प्रति किग्रा के पार निकल गई. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 46,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 64,994 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आज सोना-चांदी के दाम में तेजी दर्ज की गई.

सोने की नई कीमत
दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्‍पतिवार को सोने के भाव में 382 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की गई. इससे कीमती पीली धातु 47 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के नजदीक पहुंच गई. राजधानी दिल्ली (Delhi) में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का नया भाव आज 46,992 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचकर बंद हुआ. अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने की कीमत आज बढ़कर 1,817 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

चांदी का नया भाव
चांदी की कीमत में आज ताबड़तोड तेजी दिखाई दी. दिल्‍ली सर्राफा बाजार में बृहस्‍पतिवार को चांदी के दाम 1,280 रुपये की तेजी के साथ 66,274 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुए. वहीं, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में भी चांदी के दाम में आज उछाल दर्ज किया गया और ये 25.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

सोने की कीमत में क्‍यों आई तेजी
एचडीएफसी सिक्‍योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्‍ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि न्‍यूयॉर्क स्थित कमोडिटी एक्‍सचेंज में कीमत बढ़ने से दिल्‍ली सर्राफा बाजार में सोने के दाम उछल गए. वहीं, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेस के वीपी कमोडिटीज रिसर्च नवनीत दमानी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दरों में इजाफा करने से डॉलर पर दबाव बन गया. इससे निवेशकों ने सबसे सुरक्षित विकल्‍प गोल्‍ड में निवेश को तरजीह दी और दाम में उछाल दर्ज किया गया.