प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी. करीब 594 किलोमीटर लंबा और छह लेन का यह एक्सप्रेस-वे 36 हजार 200 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की लागत से बनाया जाएगा. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे से यूपी के विकास का रास्ता निकलेगा.
पीएम मोदी ने कहा, ‘’मां गंगा सारे मंगलों की, सारी उन्नति प्रगति की स्रोत हैं. मां गंगा सारे सुख देती हैं और सारी पीड़ा हर लेती हैं. ऐसे ही गंगा एक्सप्रेसवे भी यूपी की प्रगति के नए द्वार खोलेगा. आज शाहजहांपुर में ऐतिहासिक अवसर है. आज यूपी के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो रहा है. करीब 600 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर लगभग 36000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.’’
पीएम मोदी ने गिनाए पांच वारदान
पीएम मोदी ने कहा, ‘’ये जो आज यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है, जो नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं, नए रेलवे रूट बन रहे हैं, वो यूपी के लोगों के लिए अनेक वरदान एक साथ लेकर आ रहे हैं.’’ ये वारदान हैं-
पहला वरदान- लोगों के समय की बचत.
दूसरा वरदान- लोगों की सहूलियत में बढ़ोतरी, सुविधा में बढ़ोतरी.
तीसरा वरदान- यूपी के संसाधनों का सही उपयोग.
चौथा वरदान- यूपी के सामर्थ्य में वृद्धि.
पांचवा वरदान- यूपी में चौतरफा समृद्धि.
पीएम मोदी ने कहा, ‘’यूपी को चलाने के लिए जिस दमखम की जरूरत है, जिस दमदार काम की जरूरत है, वो आज डबल इंजन की सरकार करके दिखा रही है. वो दिन दूर नहीं जब यूपी की पहचान next generation infrastructure वाले सबसे आधुनिक राज्य के रूप में होगी. यूपी में आज जो आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है वो ये दिखाता है कि संसाधनों का सही उपयोग कैसे किया जाता है. पहले जनता के पैसे का क्या-क्या इस्तेमाल हुआ है ये आप लोगों ने भली-भांति देखा है.’’



