कच्चे केले की सूखी सब्जी: देसी मसालों के साथ बनने वाली स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी

    1
    0

     अगर आपके घर में भी रोज-रोज वही आलू, लौकी, टिंडा या भिंडी की सब्जी खाते-खाते सभी बोर हो चुके हैं और इनका नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं, तो आपको कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करने की जरूरत है. आपके घर के बड़ों से लेकर बच्चों तर को कच्चे केले की सब्जी बहुत पसंद आ सकती है. जी हां, आपने आज तक कच्चे केले के चिप्स तो खूब खाएंगे होंगे, लेकिन इस बार गर्मियों में कच्चे केले की सूखी सब्जी जरूर ट्राई करें.

    हल्के मसालों, करी पत्ते और देसी तड़के से तैयार होने वाली ये सब्जी स्वाद में इतनी लाजवाब लगती है कि एक बार खाने के बाद लोग इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाते. खास बात ये है कि कच्चा केला सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. आप इसे केवल रोटी-पराठे ही नहीं, बल्कि पूरी या दाल-चावल के साथ भी खा सकते हैं. कच्चे केले की सूखी सब्जी खाने का मजा दोगुना कर देती है. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं कच्चे केले की सूखी सब्जी.

    इंग्रेडिएंट्स
        3 कच्चे केले
        2 बड़े चम्मच तेल
        1/4 छोटा चम्मच राई
        1/4 छोटा चम्मच जीरा
        10-12 करी पत्ते
        1 चुटकी हींग
        2 बारीक कटी हरी मिर्च
        1/2 छोटा चम्मच अदरक पेस्ट या कद्दूकस किया अदरक
        1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
        1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
        1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
        1/4 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
        स्वादानुसार नमक
        बारीक कटा हरा धनिया

    बनाने का तरीका:
    1. अगर आप चाहते हैं कि कच्चे केले की सब्जी स्वादिष्ट बने तो उसके लिए सबसे पहले सही केले चुनना जरूरी है. ध्यान रखें केले ज्यादा पतले नहीं होने चाहिए, क्योंकि छिलका हटाने के बाद उनका हिस्सा बहुत कम बचता है. केले हरे और ताजे होने चाहिए और उन पर ज्यादा काले धब्बे नहीं होने चाहिए.

    2.  केले चुनने के बाद सबसे पहले उनके दोनों किनारे काट लें और मोटा हरा छिलका उतार दें. अब केले को छोटे या गोल टुकड़ों में काट लें. कटे हुए टुकड़ों को तुरंत पानी में डाल दें ताकि उनका रंग काला न पड़े.

    3. एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें कटे हुए केले डाल दें. अब इसमें थोड़ा नमक और हल्दी पाउडर डालकर करीब 10 मिनट तक उबाल लें. जब केले सॉफ्ट हो जाएं, तो पानी छानकर अलग कर लें.

    4. इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें राई डालें. जब राई चटक जाए उसके बाद फिर जीरा डालें. इसके बाद करी पत्ता, हींग, हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का भून लें. अब हल्दी और धनिया पाउडर डालकर मसालों को अच्छे से मिला लें.

    5. इन भुने मसालों में उबले केले डालें और ऊपर से नमक, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 2-3 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं. आखिर में हरा धनिया डाल दें.

    6. कच्चे केले की स्वादिष्ट और चटपटी सूखी सब्जी तैयार है. इसे गरमा-गरम रोटी, पराठे, पूरी या फिर चावल के साथ सर्व करें.