नई दिल्ली। कांग्रेस के प्रवक्ता रहे रोहन गुप्ता अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। गुरुवार को उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। खास बात है कि कांग्रेस ने उन्हें गुजरात से अहमदाबाद पूर्व लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने टिकट लौटा दिया था। इससे पहले कांग्रेस के एक और बड़े प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने भी पार्टी से दूरी बना ली थी और भाजपा का दामन थामा था। भाजपा में शामिल होने के बाद रोहन गुप्ता ने कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक संचार प्रभारी हैं, जिनके नाम में राम है, उन्होंने हमें चुप रहने के लिए कहा था जब सनातन (धर्म) का अपमान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि देश के नाम का इस्तेमाल कर एक गठबंधन बनाया गया था, लेकिन इसमें देश विरोधी ताकतें शामिल की गई हैं। गुप्ता ने आगे कहा कि ऐसी क्या मजबूरी है कि जिस केजरीवाल पर खालिस्तानियों से जुड़े होने का आरोप था, आज वे उनका समर्थन कर रहे हैं। गुप्ता ने 22 मार्च को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और दावा किया था कि पार्टी के संचार विभाग के एक वरिष्ठ नेता द्वारा चरित्र हनन और अपमान उनके पार्टी छोडऩे के फैसले का कारण था।



