रायपुर । रायपुर के वार्डों की समस्या को लेकर महापौर एजाज ढेबर ने बड़ा बयान दिया है। ढेबर ने कहा कि इस जगह पर पीएम साहब को भी बैठा दिया जाये, फिर भी शहर के समस्याओं का हल नहीं होगा। इस बयान के बाद भाजपा लगातार मेयर को घेरने में लग गई है।
एजाज ढेबर ने कहा कि वार्डों की जो समस्या है वह अगर यहां पर पीएम साहब को भी बैठा दें, तो भी यह परेशानी रहेगी। क्योंकि यह समस्या अनवरत है। इस बात को मानना पड़ेगा कि पानी, साफ-सफाई और बिजली की यह समस्या अनवरत रहेगी। इसको कोई खत्म नहीं कर सकता।
उन्होंने दावे के साथ कहा कि अगर नगर निगम में समस्या खत्म हो गई, तो नगर निगम की डिपार्टमेंट की जरूरत ही नहीं होगी। जन्म से मरण तक के नगर निगम काम करता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या नगर निगम में कभी खत्म नहीं हो सकती, अनवरत रहेगी।
महापौर के इस बयान के बाद भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। पोस्ट में उन्होंने महापौर की कुर्सी को किसी भाजपा पार्षद को देने की बात कही है। वहीं भाजपा के मीडिया विभाग प्रमुख अमित चिमनानी ने भी मेयर ढेबर पर निशाना साधा है।
अमित चिमनानी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देखो महापौर जी, समस्या बनी रहेगी तो आपका काम क्या है फिर? मोदी राज में देश चमक रहा है, लेकिन रायपुर में आप लाइट-सफाई की समस्या पर हाथ खड़ा कर रहे हैं। यह बयान रायपुर की जनता से हुए धोखा का प्रमाण है। पीएम साहब के आशीर्वाद भाजपा का महापौर इस समस्या से जनता को निजात जरूर दिलाएगा।



