Home छत्तीसगढ़ वाट्सएप के बजाय टेलीग्राम का उपयोग:ज्यादा से ज्यादा लोगों को मैसेज भेजने...

वाट्सएप के बजाय टेलीग्राम का उपयोग:ज्यादा से ज्यादा लोगों को मैसेज भेजने के लिए भाजपा इस्तेमाल करेगी नया एप

8
0

भाजपा के कार्यकर्ता अब वाट्सएप के बजाय टेलीग्राम का इस्तेमाल करेंगे, जिससे ज्यादा से ज्यादा ग्रुप बनाकर संदेश भेज सकें। इसके लिए वाट्सएप के बजाय कार्यकर्ताओं काे टेलीग्राम का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दरअसल, वाट्सएप में एक मैसेज 5 से ज्यादा लोगों को नहीं भेज सकते। एक ग्रुप में 256 से ज्यादा लोगों को नहीं जोड़ सकते, जबकि टेलीग्राम में ऐसी कोई बंदिश नहीं है।

मास्टर ट्रेनरों को सोशल मीडिया की ट्रेनिंग देने पहुंचे एक्सपर्ट ने बताया कि दूसरे एप के मुकाबले टेलीग्राम ज्यादा सुरक्षित है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन सोशल मीडिया की बारीकियां सिखाई गईं। इसमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, वाट्सएप, यू-ट्यूब के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को शेयर करने कहा गया।

इसलिए चिंता न करें कार्यकर्ता: बृजमोहन

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन इससे चिंता करने और घबराने की जरूरत नहीं है। भाजपा वह पार्टी है, जो दो सीटों से 303 तक पहुंच सकती है। इतिहास गवाह है कि भाजपा धीरे-धीरे अपनी विचारधारा के आधार पर आगे बढ़ी है। पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भटकाव के लिए एक अंग्रेज ने कांग्रेस पार्टी बनाई थी। आजादी के बाद महात्मा गांधी के कांग्रेस को समाप्त कर देने के वक्तव्य के साथ ही कांग्रेस का वैचारिक अंत हो गया था।