Home देश सीनियर सिटिजंस को SBI का तोहफा, अब मार्च तक मिलेगा बचत पर...

सीनियर सिटिजंस को SBI का तोहफा, अब मार्च तक मिलेगा बचत पर सबसे ज्यादा कमाई का मौका!

1
0

SBI ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए WECARE स्पेशल टर्म डिपॉजिट स्कीम को 31 मार्च 2021 तक के लिए बढ़ा दी है. इस स्कीम के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 5 साल की एफडी पर सबसे ज्यादा 6.20 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा है. मई में ही SBI इसे लॉन्च किया था.

देश के सबसे बड़े बैंक यानी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने नये साल से ठीक पहले वरिष्ठ नागरिकों को एक तोहफा दिया है. एसबीआई ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेश किए गए स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम (Sepcial FD Schemes) की अवधि दूसरी बार के लिए बढ़ा दी है. मई 2020 में इस सरकारी बैंक ने ‘WECARE’ सीनियर ​सिटिजंस टर्म डिपॉजिट स्कीम का ऐलान किया था. शुरुआत में इस स्कीम को सितंबर महीने तक के लिए ही लाया गया था. बाद में इसकी अवधि 31 दिसंबर 2020 तक के लिए बढ़ा दी गई थी.

एसबीआई ने इस स्कीम को इसलिए लॉन्च किया था ताकि कम ब्याज के इस दौर में वरिष्ठ नागरिकों को उनकी बचत में अधिक ब्याज मिल सके. अब एक बार फिर इस स्कीम की अवधि को बढ़ा दिया गया है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह विशेष एफडी स्कीम अब मार्च 2021 के अंत तक खुली रहेगी.

एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी में कहा गया है, ‘रिटेल टर्म डिपॉजिट सेग्मेंट में वरिष्ठ ना​गरिकों के लिए ऐलान किए गए एसबीआई वीकेयर डिपॉजिट पर मौजूदा 50 आधार अंक के अतिरि​क्त 30 आधार अकं ज्यादा दर पर ब्याज दिया जाएगा. यह दर 5 साल व इससे अधिक अवधि वाल टर्म डिपॉजिट पर लागू होगा. SBI Wecare डिपॉजिट स्कीम को 31 मार्च 2021 तक के लिए बढ़ाया जा रहा है.
कितना मिल रहा इस स्कीम पर ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसबीआई के इस स्पेशल डिपॉजिट स्कीम पर आम लोगों की तुलना में 80 आधार अंक यानी 0.80 फीसदी ज्यादा ब्याज मिलेगा. वर्तमान में, आम लोगों के लिए यह बैंक 5 साल की अवधि वाले एफडी पर 5.4 फीसदी की दर से ब्याज देता है. लेकिन, वरिष्ठ नागरिकों को इस स्पेशल स्कीम के तहत 5 साल की अवधि पर 6.20 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा.

समय से पहले एफडी तोड़ने पर नहीं मिलेगा यह लाभ
इस स्कीम के तहत 30 आधार अंक का अतिरिक्त ब्याज का भुगतान तब नहीं किया जाएगा, जब एफडी को समय से पहले ही तोड़ दिया जाता है. हालांकि, 5 साल से पहले यह एफडी तोड़ने के बाद भी वरिष्ठ नागरिकों को आम लोगों की तुलना में 50 आधार अंक ज्यादा ब्याज मिलेगा. उनके लिए यह ब्याज दर 5.90 फीसदी होगी.