Home मध्यप्रदेश नकली घी बनाने की ‘फैक्टरी’:जले हुए तेल, डालडा और एसेंस से 100...

नकली घी बनाने की ‘फैक्टरी’:जले हुए तेल, डालडा और एसेंस से 100 रुपए में तैयार करता था एक किलो घी, 450 रुपए में बेच देता, अब पकड़ाया

6
0

रविवार को क्राइम ब्रांच ने नकली घी बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। मिलावटखोर महज 100 रुपए में एक किलो घी तैयार कर 400 से 450 रुपए में बेच देता था। किराए के दो कमरों में प्रतिदिन 40 से 50 किलो घी तैयार करता था। क्राइम ब्रांच और संजीवनी नगर की टीम ने भूकंप कॉलोनी में दबिश दी, तो 45 किलो तैयार घी जब्त किया। वह खुले और पैकिंग में घी तैयार करता था और दुकान और कॉलोनियों में फेरी लगाकर बेच देता था।

रीवा का रहने वाला है आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी विजय गुप्ता (36) मूलत: रीवा का रहने वाला है। वह संजीवनी नगर क्षेत्र में भूकंप कॉलोनी में 2003 से मिलन गुप्ता के मकान में किराए से रह रहा है। वह पिछले चार वर्षों से नकली घी बनाने का काम कर रहा था। वह खराब व जले हुए तेल, डालडा आदि में नंदी ब्रांड का एसेंस मिलाकर घी तैयार करता था। टीम ने रविवार सुबह उसके मकान पर दबिश दी, तो वह नकली घी तैयार कर रहा था।

ये हुआ जब्त
आरोपी विजय गुप्ता के घर से टीम ने आधा किलो के 20 पैकेट, एक बड़े गंज में 30 किलो के करीब नकली घी, एक नंदी ब्रांड के एसेंस अल्कोहल की बोतल, दो खाली टिन व घी पैक करने वाले प्लास्टिक के डिब्बे, एक तराजू, 50 ग्राम से 1 किलो का बांट, गैस भट्‌ठी, लोहे की करछुली आदि जब्त किया।

फूड विभाग भी कार्रवाई करने पहुंची

आरोपी विजय ने पूछताछ में बताया कि वह रोज 50 किलो घी बनाकर बेच देता था। नकली घी पकड़े जाने की सूचना पर फूड विभाग की सारिका दीक्षित भी पहुंच गईं। संजीवनी नगर में उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित ड्रग एंड फूड अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।