केएल राहुल (KL Rahul) का पिछले कुछ मैचों में स्ट्राइक रेट लगातार गिरा है जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे धीमी बल्लेबाजी पर सवाल पूछा गया, जिसका उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया.
किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल (KL Rahul) ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 69 रन की करारी शिकस्त झेलने के बाद अपनी धीमी बल्लेबाजी की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि स्ट्राइक रेट को जरूरत से ज्यादा अहमियत दी जाती है. जीत के लिए 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम 132 रन पर सिमट गई. सलामी बल्लेबाज राहुल 14 गेंद में 68.75 के स्ट्राइकरेट से महज 11 रन बना सके.
‘स्ट्राइक रेट नहीं, टीम की जीत जरूरी’
राहुल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘स्ट्राइक रेट पर जरूरत से ज्यादा ध्यान दिया जाता है. मेरे लिये सिर्फ यह मायनेरखता है कि मैं अपनी टीम को कैसे जीत दिला सकता हूं. किसी दिन अगर मेरा स्ट्राइक रेट 120 का रहा और हम मैच जीत गये तो मेरे लिये यह अच्छा है. मैं ऐसे ही बल्लेबाजी करता हूं और जिम्मेदारी उठाना पसंद करता हूं.’
‘पंजाब का हर खिलाड़ी कर रहा है गलती’
टूर्नामेंट के छह मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से 313 रन बनाने वाले राहुल को मैच के सातवें ओवर में अभिषेक शर्मा ने आउट किया. कप्तान ने कहा कि हर किसी को अपनी भूमिका की जिम्मेदारी लेनी होगी. छह मैचों में टीम की पांचवीं हार के बाद उन्होंने कहा, ‘एक कप्तान के तौर पर आपको जिम्मेदारी लेनी होगी. हम सब गलतियाँ करते हैं. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मैंने कुछ गलतियां नहीं की हैं, लेकिन आप एक कप्तान, एक बल्लेबाज के रूप में सीखते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘टीम में हर खिलाड़ी की एक अलग भूमिका होती है और हर मैच के बीच में भूमिकाएं बदल सकती हैं. इसलिए, मैंने टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश की और स्थिति का आकलन करने की कोशिश की और उसी के अनुसार खेला.’
केएल राहुल का आईपीएल में प्रदर्शन
बता दें केएल राहुल ने इस सीजन में सबसे ज्यादा 313 रन बनाए हैं. ऑरेंज कैप उन्ही के सिर पर सजी हुई है. केएल राहुल का बल्लेबाजी औसत 62 से ज्यादा है और उन्होंने एक शतक भी ठोका है. केएल राहुल तो अच्छी फॉर्म में हैं लेकिन उनकी टीम के गेंदबाजों ने बहुत निराश किया है.






