IND vs AUS: स्टार सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने स्वीकार किया कि भारत ने टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया को धराशायी कर दिया और इस शानदार उपलब्धि का श्रेय मेहमान टीम को दिया.
स्टार सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) ने स्वीकार किया कि भारत ने टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) को धराशायी कर दिया और इस शानदार उपलब्धि का श्रेय मेहमान टीम को दिया. चोटिल खिलाड़ियों की समस्याओं से जूझ रही भारत ने मंगलवार को गाबा में निर्णायक चौथे टेस्ट में तीन विकेट की जीत से टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की जबकि एक महीने पहले एडिलेड में टीम पारी में अपने न्यूनतम 36 रन के स्कोर पर सिमटने से शर्मसार थी.
डेविड वॉर्नर ग्रोइन चोट के कारण पहले दो टेस्ट में नहीं खेल पाए थे, लेकिन बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) जीतने के बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) की जमकर तारीफ की है. उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, ”हम यह नतीजा पसंद नहीं करते, लेकिन इस जीत का श्रेय उन्हें जाता है. सीरीज जीतने के लिए ‘वेल डन’ भारत.” उन्होंने आगे लिखा, ”जहां तक हमारी बात है तो हमने डटकर मुकाबला किया और अपना सर्वश्रेष्ठ किया, लेकिन हम चित्त हो गए. पैट कमिंस ने बहुत बढ़िया किया, जिन्हें ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया.”
पैट कमिंस के चार विकेट झटकने के बावजूद भारत ने गाबा की पिच पर पांचवें दिन 328 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया में इस सीरीज को जीतने से भारत 430 अंक से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया और न्यूजीलैंड (420) और आस्ट्रेलिया (332) उसके पीछे हैं.
डेविड वॉर्नर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खिताब की दौड़ में खुद को बनाए रखने के लिए ध्यान दक्षिण अफ्रीका दौरे पर लगाना होगा. उन्होंने लिखा, ”इसलिए हम टेस्ट क्रिकेट को पसंद करते हैं. यह बहुत मुश्किल होता है, जिससे मानसिक मजबूती पता चलती है. अब दक्षिण अफ्रीका दौरा होगा और हमें टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ में बने रहने के लिए इसमें जीत हासिल करनी होगी.”
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया से इसी सीरीज में एक पारी में 36 रन पर आउट होने के बाद इस तरह से उठ खड़े होने की यह विलक्षण घटना क्रिकेट के इतिहास में मील का पत्थर बन गई है. चौथा टेस्ट मैच जीतकर भारत सीरीज जीत गई. यह उतनी खास बात नहीं है बल्कि उससे ज्यादा महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय यह है कि बेहद मुश्किल हालात में भारत की क्रिकेट टीम ने दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों से भरी ऑस्टेलियाई टीम को हराया और वह भी गाबा ग्राउंड पर हराया.
अजिंक्य रहाणे की अगुआई में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया है. भारत ने चौथे और आखिरी टेस्ट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से मात देकर लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया. शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा के बाद ऋषभ पंत की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने चौथा टेस्ट जीता.



