Home दिल्ली Delhi Weather Update: शिमला में बर्फबारी से दिल्‍ली में बढ़ी ठंड, आज...

Delhi Weather Update: शिमला में बर्फबारी से दिल्‍ली में बढ़ी ठंड, आज कोहरा छाने के आसार

8
0

शिमला में बर्फबारी के बाद दिल्‍ली के तापमान में भी गिरावट आई है. मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है.

पर्वतीय राज्‍य हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का असर देश की राजधानी दिल्‍ली में भी देखने को मिला. पारे में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्‍ली में बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान जताया है. ऐसे में दिल्‍ली वासियों को कंपकंपाती ठंड से राहत मिलने की उम्‍मीद है. मौसम विज्ञानियों ने बुधवार को कोहरा छाए रहने की बात भी कही है.

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्‍ली में धूप निकलने से तापमान में वृद्धि हो सकती है. मंगलवार को दिल्‍ली हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से ज्‍यादा ठंड रही. देश की राजधानी में न्‍यूनतम तापमान जहां 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है तो वहीं शिमला में 11.5 डिग्री रहा. हालांकि, दिल्‍ली में अधिकतम तापमान 26.5 दर्ज किया गया. इससे दोपहर के वक्‍त हल्‍की से गर्माहट भी महसूस की गई. मौसम विभाग ने 14 फरवरी तक दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है. इससे कंपकंपाती ठंड से राहत मिलने की उम्‍मीद है.

दिल्‍ली में इस बार भीषण सर्दी पड़ी है. ठंड ने कई साल के रिकॉर्ड भी तोड़े हैं. अब मौसम में बदलाव के चलते धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की उम्‍मीद है. ऐसे में दिल्‍ली वासियों को पिछले कई हफ्तों से चली आ रही कंपकंपाती ठंड से राहत मिल सकती है. बता दें कि जनवरी के बाद ठंड का असर कमने लगता है और तापमान में वृद्धि होनी शुरू हो जाती है. हालांकि, इन दोनों मौसम में दिल्‍ली की हवा की गुणवत्‍ता बेहद निम्‍न स्‍तर तक पहुंच जाता है. इससे खासकर बुजुर्गों और बच्‍चों को दिक्‍कतों का सामना करना पड़ता है.