Kisan Andolan: इससे पहले भी गृह मंत्रालय ने 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद इन तीनों बॉर्डर पर इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी थी.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली से सटी विभिन्न राज्यों की सीमाओं पर एक बार फिर से इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी की अवधि बढ़ा दी है. गृह मंत्रालय के आदेश के तहत सिंघू, गाजीपुर और टिकरी बॉर्डर पर तत्काल प्रभाव से अस्थाई रूप से इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है. अब 2 फरवरी यानी मंगलवार की रात 11 बजे तक इन इलाकों में इंटरनेट सेवाओं का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. आपको बता दें कि इससे पहले भी गृह मंत्रालय ने 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद इन तीनों बॉर्डर पर इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी थी.
गृह मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी शैलेंद्र विक्रम सिंह के हस्ताक्षर से रविवार को ही यह आदेश जारी किया गया है. इसमें गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति बरकरार रखने के लिए सिंघू, गाजीपुर और टिकरी बॉर्डर के आसपास के इलाकों में अस्थाई रूप से संचार सेवाओं पर पाबंदी लगाई गई है. इंटरनेट सेवाओं पर रोक की यह अवधि जनवरी 31 तारीख की रात 11 बजे से लेकर 2 फरवरी रात 11 बजे तक जारी रहेगी.






